खूंटी: पंजाब के पटियाला में आयोजित 7वीं पैरा नेशनल आर्चरी चैंपियनशिप में झारखंड के पैरा तीरंदाज झोंगो पाहन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रिकर्व टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता है. इसके साथ ही झोंगे की उपलब्धियों में एक और पदक शामिल हो गया है.
प्रतियोगिता के दौरान झारखंड की रिकर्व टीम ने क्वार्टर फाइनल में दिल्ली की टीम को पराजित कर दमदार शुरुआत की. इसके बाद सेमीफाइनल में मेज़बान पंजाब की मजबूत टीम को शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया. फाइनल मुकाबला अत्यंत रोमांचक रहा, जहां कड़े संघर्ष के बाद झारखंड टीम को रजत पदक से संतोष करना पड़ा.
झोंगो पाहन की इस सफलता से खूंटी समेत पूरे झारखंड में खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में हर्ष का माहौल है.
खूंटी की उपायुक्त आर रॉनिटा ने झोंगो पाहन को हार्दिक बधाई दी. उन्होंने कहा कि झोंगो ने राष्ट्रीय मंच पर जिले और राज्य का मान बढ़ाया है तथा वे जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं.
