खूंटीः झारखंड में खूंटी जिले के तोरपा थाना क्षेत्र के चूरगी गांव के पास बुधवार को खूंटी-सिमडेगा मुख्य मार्ग पर लौह अयस्क लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया. और उसमें भीषण आग लग गई. इस हादसे में ट्रक का ड्राइवर जिंदा जल गया है. जबकि बुरी तरह झुलसे खलासी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
मृत ड्राइवर की पहचान नहीं हो सकी है. वहीं गंभीर रूप से झुलसे खलासी को रेफरल अस्पताल तोरपा में भर्ती कराया गया है. जानकारी के अनुसार ट्रक ओडिशा से जमशेदपुर जा रहा था.
वहीं घटना की सूचना मिलने पर तोरपा के एएसपी क्रिस्टोफर केरकेट्टा, पुलिस इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह घटना स्थल पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को सूचना दी.
सूचना देने के एक घंटे के बाद भी फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर नहीं पहुंची थी. जिस कारण ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो गया.
घटना के संबंध में एएसपी क्रिस्टोफर केरकेट्टा ने बताया कि हादसे में ट्रक चालक की मौत हुई है और खलासी घायल है. खलासी का इलाज अस्पताल में चल रहा है. मृत चालक और खलासी की पहचान नहीं हो सकी है.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिनाख्त की प्रक्रिया की जा रही है. साथ ही ट्रक में आग लगने के कारणों की भी पड़ताल की जा रही है.
