खूंटीः खूंटी जिले के तोरपा थाना अंतर्गत गुफु बड़काटोली गांव में गुरुवार को एक हृदय विदारक घटना सामने आई, जहां एक सरकारी तालाब में डूबने से दो सगे भाइयों सहित तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई.
इस घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. मृत बच्चों की पहचान जैसन गुड़िया (6 वर्ष) निमिश्न गुड़िया (5 वर्ष) तथा डेबिड गुड़िया (6 वर्ष) के तौर पर हुई है.
जैसन गुड़िया और निमिशन गुड़िया दोनों सगे भाई है.
जानकारी के अनुसार स्कूल की छुट्टी के बाद तीनों बच्चे घर लौटने के बजाय पास के तालाब की ओर खेलने चले गए. खेलते- खेलते हुए तालाब के पास पहुंचे और नहाने के दौरान डूब गए.
आशंका जताई जा रही है कि नहाने के दौरान बच्चे गहरे पानी में चले गए, जिससे उनकी मौत हो गई.
शाम करीब 4:00 बजे तक जब बच्चे घर नहीं लौटे तो जैसन की मां मिलाई सोय उन्हें खोजने निकलीं. तालाब किनारे बच्चों के कपड़े पड़े थे. उनकी आशंका बढ़ गई.
उन्होंने तुरंत शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया. ग्रामीण प्रवीण गुड़िया लुकस गुड़िया ने तत्परता दिखाते हुए तालाब में छलांग लगा दी. काफी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों को बाहर निकाला गया, लेकिन लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं.
घटना की सूचना मिलने के बाद तोरपा थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे. तीनों शवों को कब्जे में लेकर थाना लाया गया. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है. उधर गांव में शोक का माहौल है.
