खूंटी: एदेल संगा पड़हा के राजा एवं चलागी हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक सोमा मुंडा की अज्ञात अपराधकर्मियों ने गोली मार कर हत्या कर दी।
बुधवार की शाम बाइक पर वे अपनी पत्नी के साथ खूंटी से जमुआदाग के रास्ते चलागी गांव लौट रहे थे. उनकी पत्नी पीछे बैठी थीं.
सोमा मुंडा के जमुआदाग तालाब के पास पहुंचने पर पीछे से एक बाईक पर सवार दो लोग आए और ओवरटेक करते हुए दो राउंड गोली चला दी. एक गोली सोमा मुंडा के सीने में लगी.
गोली लगने के बाद उन्होंने बाईक रोककर खूंटी की ओर मुड़ने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी हालत बिगड़ गई और वे गिर पड़े. गोली चलाने के बाद हमलावर बाईक सवार मंदरूटोली की ओर फरार हो गए।
उनकी पत्नी बदहवास हालत में उस रास्ते से गुजर रहे एक ट्रैक्टर को रोका. कुछ दूर तक जाने के बाद वे फिर ऑटो पकड़कर खूंटी थाना पहुंचीं और पुिलस को घटना की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस घटना स्थल पर पहुंची.
पुलिस सोमा मुंडा को लेकर केएस गंगा अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
आदिवासी समाज के हक और अधिकार को लेकर सोमा मुंडा हमेशा संघर्षशील रहे. सोमा मुंडा अखिल भारतीय झारखंड पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष भी थे. सरना समाज से वे सक्रिय तौर पर जुड़े थे. उनकी हत्या की खबर से खूंटी का आदिवासी समुदाय स्तब्ध होने के साथ एक बड़ी क्षति के तौर पर इस घटना को देख रहा है.
इधर हत्याकांड की जांच के लिए पुलिस की एक विशेष टीम गठित कर दी गई है. अपराधियों की धर-पकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है.
