लातेहारः झारखंड के लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ओरसा बंगलादारा घाटी में रविवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई है.
जानकारी के मुताबिक छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से झारखंड के महुआडांड़ प्रखंड अंतर्गत लोध गांव लोटा-पानी (शादी समारोह) में शामिल होने आ रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे सात लोगों की मौत हो गई.
मरने वालों में पांच महिलाएं शामिल हैं. जबकि इस घटना में कम से कम 80 लोग घायल हैं. कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है. लिहाजा मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है. सभी लोग बलरामपुर के हैं.
घाटी में ब्रेक फेल के बाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार बस जिसमें लगभग 100 लोग सवार थे. यात्रियों ने बताया कि घाटी में उतरते समय अचानक बस का ब्रेक फेल हो गया, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और बस पलट गई.
इससे घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई. कई घायल बस के अंदर फंसे रहे.
शोर सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस तक पहुंचाया। ग्रामीणों की तत्परता से कई घायलों की जान बचाई जा सकी. कई यात्रियों के हाथ-पैर टूट गए, तो कई के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं.
हादसे में मृतकों की पहचान छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के पिपरसोट गांव निवासी रेसंती देवी, प्रेमा देवी, सीता देवी एवं सुखना सुईयां के रूप में की गई है. दो अन्य मृतकों की शिनाख्त की जा रही है.
घटना की सूचना मिलते ही महुआडांड़ एसडीपीओ शिवपूजन बहेलिया एवं थाना प्रभारी मनोज कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. प्रशासन द्वारा तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया और घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया.
घायलों की संख्या अत्यधिक होने के कारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महुआडांड़ एवं कार्मेल हॉस्पिटल में आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था की गई. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महुआडांड़ में 60 से अधिक घायलों का इलाज किया गया.
बेहतर इलाज के लिये कम से कम 32 घायलों को सदर अस्पताल गुमला रेफर किया गया है.
