लोहरदगाः झारखंड में लोहरदगा जिले के सेन्हा सीओ की गाड़ी पर बालू माफियाओं ने हमला कर दिया है. इस हमले में उनकी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई है.
यह घटना गुरुवार की है. घटना के समय सीओ के साथ होमगार्ड के कुछ जवान भी थे.
सीओ ने घटना को लेकर सेन्हा थाना में तीन नामजद और दस अज्ञात महिला-पुरुष के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है.
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद सेन्हा थाना पुलिस मामले में जांच और आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
सेन्हा थाना क्षेत्र के मुरकी-सेन्हा पथ में नूरी सराय पुल के समीप सीओ पंकज कुमार भगत पर यह हमला हुआ, जब वे अवैध तरीके से बालू के परिवहन की जांच करने पहुंचे थे.
सीओ ने थाना में आवेदन देकर कहा है कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि गुरुवार को अवैध डंपिंग से बालू का उठाव हो रहा है. जब वह वहां पहुंचे तो सेन्हा नूरी सराय निवासी जैनुल अंसारी के पुत्र दानिश अंसारी, उसकी पत्नी मुसरत जहां एवं छोटे पुत्र राशिद अंसारी सहित 10 अज्ञात महिला-पुरुष ने हमला कर दिय.। साथ ही उनके द्वारा पकड़े गए ट्रैक्टर से बालू को अनलोड कर ट्रैक्टर को लेकर फरार हो गए.
