पहले बीजेपी के नेताओं से मुलाकात फिर चुनाव लड़ने को लेकर अटकलों के बीच युवा गायिका मैथिली ठाकुर बीजेपी में शामिल हो गई हैं.
उन्होंने मंगलवार को पटना में राज्य के वरिष्ठ बीजेपी नेताओं की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली.
मैथिली ठाकुर ने पार्टी में शामिल होने के बाद कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रभावित हैं और नीतीश कुमार से प्रेरित होकर उनके सहयोग के लिए खड़ी हैं.
उन्होंने कहा, “राजनीतिक दल में शामिल होने का मतलब यह नहीं है कि मैं नेता बनने आई हूं. मैं समाजसेवा के लिए आई हूं. मैं मिथिला की बेटी हूं और मेरे प्राण मिथिलांचल में बसते हैं.”
इस मौक़े पर बिहार बीजेपी के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि “पूरी दुनिया मिथिला की बेटी लोक गायिका मैथिली ठाकुर को सलाम करती है.”
बिहार बीजेपी अध्यक्ष ने कहा, “सब लोगों ने ठाना है कि एनडीए की सरकार को लाना है.”
उन्होंने कहा, “बिहार एनडीए सरकार में आगे बढ़ेगा और विकसित होगा. महिलाओं का सशक्तीकरण, ग़रीब का कल्याण, युवाओं का भविष्य, किसानों का कल्याण.. हमारी सरकार की प्राथमिकता है. इसी प्राथमिकता के साथ हम चुनाव में मतदाता के पास जाने वाले हैं.”
मैथिली भजन और शास्त्रीय संगीत गाने के लिए के लिए जानी- मानी चेहरा हैं. विदेशों में भी उनके कार्यक्रम होते रहे हैं. मूल तौर पर वे मिथिला की रहने वाली हैं.
राजनीतिक गलियारे में माना जा रहा है कि मिथिलांचल की किसी सीट से ही बीजेपी उन्हें चुनाव लड़ायेगी.
