कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक्स पर पोस्ट कर केरल में चुनाव प्रचार के दौरान दिए गए अपने भाषण पर खेद व्यक्त किया है.
उन्होंने एक्स पर लिखा, “हाल ही में केरल में दिए गए मेरे एक चुनावी भाषण की कुछ टिप्पणियों को जानबूझकर ग़लत तरीके से पेश किया जा रहा है. फिर भी, मैं अपनी तरफ से ज़िम्मेदारी के साथ खेद व्यक्त करता हूं. गुजरात के लोगों के प्रति मेरे मन में हमेशा सर्वोच्च सम्मान रहा है और हमेशा रहेगा. वहां के लोगों की भावनाओं को आहत करना मेरा कभी उद्देश्य नहीं था.”
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, रविवार को केरल के इडुक्की ज़िले में एक चुनावी रैली में खड़गे ने कहा था कि, “राज्य (केरल) के लोग शिक्षित और समझदार हैं और उन्हें गुमराह नहीं किया जा सकता, वहीं गुजरात और दूसरी जगहों के लोग अशिक्षित हैं.”
कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे के इस बयान के बाद, बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा से पूछा कि क्या वे खड़गे के इस बयान से सहमत हैं.
