रांचीः झारखंड में पूर्वी सिंहभूम जिले का मानगो नया पुलिस अनुमंडल बनेगा. उच्चस्तरीय समिति ने इसकी स्वीकृति प्रदान कर दी है.
सोमवार को राज्य की मुख्य सचिव अलका तिवारी की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समिति की बैठक हुई. इसमें गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के प्रस्ताव पर समीक्षा के बाद जमशेदपुर के मानगो को नया पुलिस अनुमंडल बनाने के लिए स्वीकृति दी गयी.
मुख्य सचिव अलका तिवारी ने पुलिस अधिकारियों से कहा है कि बेहतर विधि-व्यवस्था के लिए राज्य के सभी 24 जिलों की जरूरतों का आकलन कराएं.
उन्होंने कहा कि इससे हमारे पास जिलों के अपराध ग्राफ, उसके ट्रेंड आदि के साथ वर्तमान संसाधन और क्या करने की आवश्यकता है, इसका समुचित डेटा उपलब्ध होगा. साथ ही अपराध नियंत्रण की दिशा में संसाधनों का बंटवारा भी सुनिश्चित हो सकेगा.
अधिकारियों के मुताबिक झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में पहले से जमशेदपुर (मुख्यालय) और पटमदा पुलिस अनुमंडल वजूद में हैं, लेकिन मानगो में आर्थिक अपराध, नारकोटिक्स से जुड़े मामले व अन्य प्रकृति के कांडों पर नकेल कसने के लिए उसे पुलिस अनुमंडल बनाने की जरूरत महसूस की जा रही है.
पुलिस अनुमंडल जमशेदपुर (मुख्यालय) और पटमदा से जुड़े उत्क्रमित थाना, मानगो,आजादनगर और ओलीडीह ओपी को काट कर मानगो पुलिस अनुमंडल अस्तित्व में आयेगा.
बैठक में गृह सचिव वंदना दादेल, राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव चंद्रशेखर, ग्रामीण विकास सचिव के श्रीनिवासन, वित्त सचिव प्रशांत कुमार और आईजी नरेंद्र कुमार सिंह उपस्थित थे.