पलामू: झारखंड के मेदिनीनगर शहर में पुलिस ने दो डीजे को जब्त किया है. तेज आवाज की वजह से शहर के एक व्यवसायी की मां की तबीयत बिगड़ने और होटल के शीशे टूटने की मिली शिकायत के बाद यह कार्रवाई की गई है.
रामनवमी के मौके पर एक डीजे मध्य प्रदेश के भोपाल और दूसरा डीजे उत्तर प्रदेश के मऊ से भाड़े पर बुक कर मंगाया गया था.
मेदिनीनगर के बेलवाटिकर इलाके में शनिवार देर रात इन दोनों के डीजे के बीच वाल्यूम और बेस बजाने की होड़ लगी थी.
इसी दौरान एक जाने-माने होटल व्यवसायी की मां की तबीयत खराब हो गई. उन्हें गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. इसके बाद होटल कारोबारी ने मेदिनीनगर टाउन थाना में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दोनों डीजे जब्त कर लिए हैं.
पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने डीजे जब्त करने और एफआईआर दर्ज करने की पुष्टि की है
मेदिनीनगर में रामनवमी के दौरान 54 अखाड़ों की तरफ से जुलूस निकाला गया था. इसी जुलूस के लिए ये दोनों डीजे भी मंगाये गये थे.
