रांचीः स्पेशल इंटेंसिव रिवीज़न (एसआईआर) को लेकर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के एक बयान पर विवाद हो गया है. मंत्री ने कहा है कि एसआईआऱ करने कोई पदाधिकारी, बीएलओ घर पर आए, तो उसे बंद कर दें.
जामताड़ा जिले के नारायणपुर प्रखंड की बोरवा पंचायत में रविवार को ‘आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद मंत्री ने एसआईआर को लेकर बीजेपी और केंद्र सरकार पर हमला बोला.
इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर से बिहार में 65 लाख लोगों के नाम काट दिए गए. उनकी पहचान उनकी नागरिकता छीन ली गई और उन्हें घुसपैठिया बना दिया गया.
मंत्री ने कहा, “अब यब प्रक्रिया बंगाल में शुरू हो रही है. इसके बाद झारखंड में यही काम होगा. एसआईआर के बहाने भाजपा वाले पहले आपका नाम वोटर लिस्ट से काटेंगे, फिर आधार कार्ड और राशन कार्ड से. कुल मिलाकर आपका नागरिकता खत्म करने की साजिश चल रही है.”
उन्होंने केंद्र सरकार पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि एसआईआर के बहाने भाजपा घुसपैठिये बता लोगों का नाम वोटर लिस्ट से काटने का काम कर रही है. इसलिए जब भी एसआईआर के नाम पर बीएलओ उनके घर आएं तो उन्हें बांधकर रखें. हम आकर छुड़ाएंगे.
मंत्री के कथित विवादित बयान को लेकर बीजेपी के कई नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं. जामताड़ा जिले के बीजेपी अध्यक्ष सुमित शरण ने कहा है कि अनर्गल बयान देना मंत्री की आदत रही है. एसआईआऱ को लेकर वे लोगों को भड़का रहे हैं. जबकि घुसपैठिए एसआईआऱ से बच नहीं सकते.
