हजारीबागः हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र अंतगर्त कुसुंभा गांव में हुई नाबालिग बच्ची की हत्या की जांच करने के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग की तीन सदस्यीय टीम हजारीबाग पहुंची है.
गुरुवार को यह टीम वह गांव भी गई, जहां यह रूह कंपाने वाला हादसा हुआ है.
इस दौरान आयोग की सदस्य ममता कुमारी ने प्रशासन पर जांच में पूर्ण तरीके से सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत रिपोर्ट बनाकर आयोग को भेजा जाएगा.
हजारीबाग के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की की निर्मम हत्या पर राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लेते हुए कड़ा रुख अपनाया है.
आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर ने चिंता जाहिर करते हुए तीन सदस्यों की टीम को हजारीबाग जांच के लिए भेजा है.
आयोग की सदस्य ने बताया कि गांव जाने पर कोई भी पदाधिकारी नहीं मिले. सभी कोर्ट गए थे. पीड़ित परिवार और गांव वालों से बातचीत कर जानकारी प्राप्त की गई है. उन्होंने कहा कि आयोग का प्रयास सिर्फ इतना है कि कोई बेकसूर व्यक्ति मामले में ना फंसे.
पुलिस ने किया खुलासा
उधर बुधवार की रात हजारीबाग पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए बच्ची की मां, उसके प्रेमी और गांव की एक अन्य महिला को गिरफ्तार किया है. पुलिस का दावा है कि तंत्र-मंत्र के चक्कर में महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर बेटी की बलि चढ़ा दी है. इस कांड में गांव की भगताइन को भी गिरफ्तार किया गया है, जिसने बच्ची की मां से कहा था कि उसकी बेटी की परेशानी किसी कुआंरी लड़की की बलि देने से खत्म हो जाएगी.
