रांचीः झारखंड शराब घोटाले के आरोपी नवीन केडिया से एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने पूछताछ शुरू कर दी है. पांच दिनों के लिए उसे रिमांड पर लिया गया है.
इससे पहले मंगलवार को उसे रांची से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया था. इससे पहले गोवा से मिले ट्रांजिट बेल के दौरान वह फरार हो गया था.
वह छत्तीसगढ़ के दुर्ग का निवासी है. एसीबी कोर्ट, हाई कोर्ट से अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद वह रांची में सरेंडर करने आया था. सरेंडर से पहले एसीबी ने उसे दबोच लिया.
नवीन केडिया पर पूर्व की उत्पाद नीति के दौरान झारखंड में निम्न गुणवत्ता वाली देसी शराब की आपूर्ति का आरोप है।गिरफ्तारी वारंट मिलने के बाद एसीबी ने नवीन केडिया को गोवा के स्पा सेंटर में मसाज कराते वक्त आठ जनवरी को गिरफ्तार किया था.
नौ जनवरी को गोवा की अदालत ने उसे चार दिनों का ट्रांजिट बेल इस शर्त के साथ दिया था कि वह चार दिनों के भीतर यानी 12 जनवरी तक हर हाल में झारखंड एसीबी के उक्त केस के अनुसंधानकर्ता के सामने आत्मसमर्पण कर देगा.
इसके बाद नवीन केडिया गोवा से हवाई मार्ग से दिल्ली पहुंचा था. उसकी निगरानी में लगी झारखंड एसीबी की टीम भी पीछे-पीछे दिल्ली पहुंच गई थी. इस टीम में एसीबी के आठ अधिकारी-जवान शामिल थे.
इसी बीच दिल्ली में ही नवीन केडिया ने झारखंड एसीबी की टीम को चकमा देने में सफल रहा और वहां से फरार हो गया था.
वह निर्धारित समय सीमा के भीतर एसीबी रांची के अनुसंधान पदाधिकारी के सामने उपस्थित नहीं हुआ. एसीबी ने उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया था.
नवीन केडिया के फरार होने के बाद उसकी निगरानी तक में शामिल सभी आठों अधिकारियों-जवानों को लापरवाही बरतने के आरोप में एडीजी एसीबी ने निलंबित कर दिया था.
