रांचीः खाड़ी क्षेत्र में अचानक बढ़े युद्ध तनाव के कारण रांची निवासी SAIL अधिकारी अतुल उरांव और उनकी नवविवाहिता पत्नी डॉ. कंचन बाड़ा दुबई से वापस रांची लौट आए हैं. नवविवाहित जोड़े हनीमून मनाने दुबई गए थे.
दोनं एक हफ्ते तक विदेश में फंसे रहे. लगातार फ्लाइट कैंसिलेशन, अनिश्चितता और भयावह परिस्थितियों के बीच मंगलवार की सुबह सकुशल भगवान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुँचे. परिजनों व शुभचिंतकों ने फूलमालाओं से उनका स्वागत किया.
विवाह के बाद दुबई का सफर
22 फरवरी 2026 को रांची में आदिवासी पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच धूमधाम से संपन्न हुए विवाह के ठीक 5 दिन बाद, 27 फरवरी को नवदंपति पहली संयुक्त यात्रा पर दुबई रवाना हुए. वापसी 4 मार्च निर्धारित थी, किंतु मध्यपूर्व संकट ने उनकी योजनाओं पर पानी फेर दिया.
लगातार प्रयासों के बाद लौटे स्वदेश: अतुल उरांव ने बताया, “बार-बार टिकट बुकिंग असफल रही। हर बार अंतिम समय में फ्लाइट कैंसल। अनिश्चितता भयानक थी.आखिरकार 8 मार्च को 1.12 लाख रुपये का महंगा टिकट लेकर मुंबई पहुँचे. वहाँ से हैदराबाद होते हुए आज रांची लौटे.”
नवदंपति के रिश्तेदार एवं सामाजिक कार्यकर्ता अनिल अमिताभ पन्ना ने उनकी सुरक्षित वापसी पर गहरी राहत व्यक्त की, लेकिन संकट की घड़ी में आसमान छूती हवाई टिकट कीमतों पर चिंता भी जताई.
उन्होंने कहा,”आपातकालीन और असामान्य परिस्थितियों में यात्रियों से इस प्रकार अत्यधिक कीमत वसूलना बेहद चिंताजनक है. ऐसी स्थिति में सरकार और संबंधित एजेंसियों को हस्तक्षेप कर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि संकट में फंसे नागरिकों को अनावश्यक आर्थिक बोझ न झेलना पड़े.”
एक सप्ताह तक चिंता और प्रतीक्षा में डूबे परिवारजनों के लिए यह खबर किसी राहत और खुशी से कम नहीं है। नवदंपति की सुरक्षित वापसी की सूचना मिलते ही परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों के बीच प्रसन्नता की लहर दौड़ गई है और सभी अब उनके सकुशल रांची पहुंचते ही परिजनों की चेहरों पर मुस्कान लौट आई।
