रांचीः भाजपा समर्थित वार्ड 31 के पार्षद नीरज कुमार रांची नगर निगम के डिप्टी मेयर पद पर निर्वाचित हुए हैं. उन्हें कुल 38 वोट मिले.
नीरज कुमार के प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार वार्ड 44 के पार्षद परमजीत सिंह को हार का सामना करना पड़ा. उन्हें मात्र 15 वोट मिले.
समाहरणालय सभागार में रांची के डिप्टी मेयर और बुंडू नगर पंचायत के उपाध्यक्ष का निर्वाचन कराया गया. इससे पहले उपायुक्त ने रांची के मेयर रोशनी खलखो को पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी.
वार्ड पार्षदों को भी शपथ दिलायी गयी. समाहरणालय परिसर में दिन भर सुबह से ही गहमागहमी देखने को मिली.
वहीं, बुंडू नगर पंचायत में उपाध्यक्ष पद के लिए रवीन्द्र उरांव निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए.
इस दौरान प्रशासनिक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं अन्य लोग उपस्थित रहे. पूरे आयोजन के दौरान शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित की गई.
