भारतीय जनता पार्टी ने अलग-अलग राज्यों में होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है. इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का भी नाम है. नितिन नबीन को बिहार से उम्मीदवार बनाया गया है.
पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने जिन 9 उम्मीदवारों की सूची तय की है, उसे बीजेपी के आधिकारिक एक्स हैंडल पर जारी की गई है. बिहार से नितिन नबीन और शिवेश कुमार, असम से तेराश गोवाला और जोगेन मोहन, छत्तीसगढ़ से लक्ष्मी वर्मा, हरियाणा से संजय भाटिया, ओडिशा से मनमोहन सामल और सुजीत कुमार पश्चिम बंगाल से राहुल सिन्हा का नाम इस सूची में शामिल है.
गौरतलब है कि नितिन नबीन बिहार विधानसभा में बांकीपुर से विधायक हैं. पार्टी का अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने नीतीश कुमार की कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया है.
उधर एनडीए के सहयोगी दल राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने उपेंद्र कुशवाहा को बिहार से उम्मीदवार बनाया है.
बिहार में राज्यसभा के लिए पांच सीटों पर चुनाव होने हैं. इनमें एनडीए के घटक जदयू के हिस्से में दो सीट जाएगी.
