बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना से दिल्ली पहुंच चुके हैं. वे शुक्रवार को राज्य सभा के सदस्य के रूप में शपथ लेंगे.
पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा भी मुख्यमंत्री के साथ दिल्ली गए हैं.
झा ने पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में कहा कि 13 अप्रैल के बाद बिहार में नई सरकार का गठन होगा.
नीतीश कुमार ने दिल्ली पहुंचने पर कहा है कि उनका बिहार से जुड़ाव बना रहेगा. उन्होंने यह भी कहा कि इतने सालों में बिहार में बहुत काम किया है और आगे भी काम जारी रहेगा.
राज्य सभा में शपथ लेने के बाद वे पटना लौटेंगे. चर्चा है कि वे 14 अप्रैल को सीएम पद से इस्तीफा दे सकते हैं.
इसके साथ ही अटकलों का दौर शुरू है कि बिहार में अगला मुख्यमंत्री कौन होगा. साथ ही जदयू ज्वाइन करने के बाद नीतीश कुमार के बेटे निशांत की भूमिका क्या होगी.
नई सरकार में भाजपा से मुख्यमंत्री, तो जेडीयू से डिप्टी सीएम बनाए जाने की भी चर्चा है.
वहीं, नीतीश की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के शीर्ष नेताओं से भी मुलाकात हो सकती है.
दूसरी ओर, नीतीश के बाद बिहार में नए सीएम पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने भी शुक्रवार को अहम बैठक बुलाई है.
यह मीटिंग दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में होगी, जिसमें डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी एवं विजय सिन्हा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी समेत अन्य सभी वरीय नेता मौजूद रहने वाले हैं.
नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से हटने की अटकलों के साथ ही बिहार की नौकरशाही में भी हलचल तेज होती दिख रही है.
