बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को राज्यसभा के सांसद पद की शपथ ली.
वह पिछले महीने 16 मार्च को बिहार से राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे.
उन्होंने 30 मार्च को बिहार की विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफ़ा दे दिया था, हालांकि उन्होंने अब तक मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा नहीं दिया है.
नीतीश कुमार के बाद बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, यह अब तक तय नहीं हो पाया है.
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने गुरुवार को कहा था, “नए मुख्यमंत्री के चयन को लेकर कहीं कोई मतभेद नहीं है. सब कुछ तय कार्यक्रम के अनुसार चल रहा है. सारी बातें नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही तय हो रही हैं.”
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद पद की शपथ लेने पर उन्हें बधाई दी है.
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, “नीतीश कुमार जी देश के सबसे अनुभवी नेताओं में से एक हैं. सुशासन को लेकर उनकी प्रतिबद्धता की हर तरफ सराहना हुई है.”
प्रधानमंत्री ने कहा, “उन्होंने बिहार के विकास में अमिट योगदान दिया है. उन्हें एक बार फिर संसद में देखना बहुत सुखद होगा. सांसद और केंद्रीय मंत्री के रूप में भी उन्होंने कई वर्षों तक अपनी सेवाएं दी हैं. मुझे पूरा विश्वास है कि उनके लंबे राजनीतिक अनुभव से संसद की गरिमा और बढ़ेगी.”
नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण, जेपी नड्डा समेत बीजेपी , जदयू के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.
