रांची: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री और कांग्रेस के नेता इरफान अंसारी ने कहा है कि राष्ट्रपति को उन राज्यों में जाने से परहेज करना चाहिए, जहां चुनाव होने हैं. राष्ट्रपति को बीजेपी के बहकावे में नहीं आना चाहिए था.
विधानसभा की कार्यवाही में भाग लेने पहुंचे मंत्री ने विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत में कहा, “मेरा मानना है कि राष्ट्रपति जी का बंगाल में कोई अपमान नहीं हुआ है. वे बीजेपी की राजनीति का शिकार हो रही हैं. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अगर अपमान हुआ है तो यह सही नहीं है. हाल ही में झारखंड में उनका हमलोगों ने अच्छे से स्वागत भी किया है.”
नीतीश कुमार पर क्या कहा
मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बहुत बड़े नेता हैं. उनको जानबूझकर राज्यसभा भेजा जा रहा है. वे बिहार के मुख्यमंत्री से आग्रह करते हैं कि राज्यसभा जाने के अपने फैसले पर पुनर्विचार करें और बिहार का नेतृत्व करना जारी रखें. उनके नाम पर बिहार में जनता ने वोट किया है, अगर वह बिहार छोड़कर राज्यसभा जाते हैं तो यह बिहार के वोटरों के साथ धोखा होगा.
मंत्री ने कहा, “अगर नीतीश कुमार को स्वास्थ्य संबंधी कोई समस्या हैं तो वे उनका इलाज भी करेंगे. चूंकि मैं डॉक्टर हूं.”
