रांचीः झारखंड में पाकुड़ के डीसी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी मनीष कुमार को बेस्ट इलेक्शन डिस्ट्रिक्ट अवार्ड से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सम्मानित करेंगी.
16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस रविवार को पूरे देश में मनाया जाएगा। इस अवसर पर देश, राज्य एवं जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मुख्य अतिथि होंगी. इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति पाकुड़ के डीसी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी मनीष कुमार को बेस्ट इलेक्शन डिस्ट्रिक्ट अवार्ड से सम्मानित करेंगी.
राज्य स्तरीय कार्यक्रम
इधर, राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन रांची के मोरहाबादी स्थित आर्यभट्ट सभागार में होगा. राज्य निर्वाचन आयुक्त अलका तिवारी इसमें मुख्य अतिथि होंगी.
इस कार्यक्रम में पश्चिमी सिंहभूम के डीसी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी चंदन कुमार तथा साहिबगंज के डीसी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी हेमंत सती को निर्वाचन कार्यों में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया जाएगा.
पिछले वर्ष स्वच्छ एवं शांतिपूर्ण घाटशिला उपचुनाव संपन्न कराने के लिए घाटशिला के निर्वाची पदाधिकारी सुनील चंद्रा को भी सम्मानित किया जाएगा.
इनके अलावा, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में पदस्थापित संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सह संयुक्त सचिव सुबोध कुमार एवं कई उप निर्वाचन पदाधिकारियों, निर्वाची पदाधिकारियों एवं अन्य निर्वाचन कर्मियों को भी सम्मानित किया जाएगा.
इस अवसर पर 80 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं को भी सम्मानित किया जाएगा तथा नए युवा मतदाताओं को फोटो पहचान पत्र प्रदान किया जाएगा.
गौरतलब है कि इस वर्ष के कार्यक्रम का थीम “माई इंडिया, माई वोट” है, जिसकी टैगलाइन ‘सिटीजन एट द हर्ट आफ इंडियन डेमोक्रेसी’ रखी गई है.
इस अवसर पर बूथ स्तर के अधिकारी भी अपने संबंधित मतदान केंद्रों पर कार्यक्रम आयोजित करेंगे, जहां वे नए पंजीकृत मतदाताओं का अभिनंदन करेंगे और उन्हें पहचान पत्र सौंपेंगे.
