पलामूः ईद की खुशियों के बीच एक हादसे ने हैदरनगर थाना क्षेत्र के गंजपर मोहल्ला को शोक में डुबो दिया.
पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र के गंजपर निवासी 20 वर्षीय आरिफ ईद की नमाज़ अदा करने के बाद अपने दोस्तों के साथ मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र स्थित काशी सोत डैम घूमने गया था.
डैम के समीप अचानक मधुमक्खियों का झुंड लोगों पर टूट पड़ा. मधुमक्खियों से बचने के प्रयास में अफरा-तफरी मच गई.
इसी दौरान आरिफ मधुमक्खियों के हमले से बचने के लिए घबराहट में डैम में कूद गया. पानी गहरा होने के कारण वह डूब गया.
घटना के बाद वहां मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को पानी से बाहर निकाला और तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
इस घटना की खबर मिलते ही मोहल्ले में मातम छा गया. मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
