पलामूः झारखंड के पलामू में मॉब लिंचिंग का मामला सामने आया है, जहां कथित तौर पर लड़की से मिलने गए युवक को गांव वालों ने बंधक बना लिया और फिर पीट-पीटकर उसको मार डाला. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
यह घटना पलामू जिले के पड़वा थाना क्षेत्र के कोकरसा के तेलियाही में हुई है. मृतक का नाम पवन है. शनिवार की रात तेलियाही में एक लड़की से मिलने गया था. इसी दौरान परिजनों ने उसे पकड़ लिया. बाद में बैट्री चोर बोलकर परिजन और ग्रामीणों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी.
घटना की जानकारी मिलने के बाद पड़वा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में पवन को बचाया. लेकिन अस्पताल ले जाने के रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.
घटना के बाद पवन के परिजनों और ग्रामीणों ने पड़वा थाना क्षेत्र के कोकरसा में रोड जाम कर दिया. हालात को देखते हुए इलाके में डीएसपी राजेश यादव और पड़वा थाना प्रभारी अंचित कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी कैंप कर रहे हैं.
पलामू पुलिस के एक अधिकारी ने बताया है कि रात लगभग 12.30 बजे के करीब पड़वा थाना प्रभारी को कॉल आया था कि बैट्री चोरी के आरोप में एक युवक को पकड़कर रखा गया है.
घटना की जानकारी मिलने के बाद पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची. देखा कि एक युवक को मारपीट कर बंधक बना कर रखा गया है. गांव वालों ने उसे घेर रखा था. पुलिस को ग्रामीणों ने बैचरी चोर बताया. पुलिस ने युवक को सभी से छुड़ाया घायल स्थिति में उसे सदर अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने उसे ब्रॉड डेथ घोषित कर दिया.
इस बीच पुलिस को जानकारी मिली कि युवक एक लड़की से मिलने गया था. इस बीच गांव वालों ने उसे पकड़कर पीटा. पुलिस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
