पलामूः मेदिनीनगर शहर के बैरिया इलाके में एक गैस एजेंसी में हुए सिलिंडर ब्लास्ट के मामले में एजेंसी के संचालक अजय कुमार साहू को गिरफ्तार कर लिया गया है.
इस मामले में अब तक नौ पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया है.
सोमवार को गैस एजेंसी का लाइसेंस पलामू के उपायुक्त ने निलंबित कर दिया था.
गैस एजेंसी संचालक अजय साहू के वाहन और दूसरे ठिकाने से पुलिस ने 61 घरेलू तथा कमर्शियल सिलिंडर भी बरामद किए हैं. यह कार्रवाई एसपी के निर्देश पर टाउन थाना की पुलिस ने की है.
थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार के नेतृत्व में पुलिस ने अजय कुमार साहू की निशानदेही पर बाजार समिति स्थित शेड से 26 घरेलू और 10 कमर्शियल सिलिंडर जब्त किए.
वहीं, अजय साहू के वाहन में छिपाए गए 36 घरेलू सिलिंडर को भी बरामद किया गया.
इससे पहले, मेदिनीनगर सदर प्रखंड के बीडीओ के आवेदन पर सोमवार देर रात शहर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी.
सिलिंडर विस्फोट की घटना में दूसरे दिन जांच में सामने आया कि 36 सिलिंडर गायब हैं,
साथ ही डीलर के घर के भीतर अवैध गैस गोदाम बनाया गया था. साथ ही जिस मकान में सिलिंडर विस्फोट हुआ था, वहां गैस का अवैध भंडारण चल रहा था.
गौरतलब है कि तीन दिनों पहले बीच शहर में स्थित गैंस एजेंसी में सिलिंडर विस्फोट से चार लोग बुरी तरह घाल हो गए थे. इसके बाद शहर में कई सवाल उठ रहे थे.
