पलामू: शहरी निकाय चुनाव को लेकर पलामू जिला प्रशासन ने एक अहम कार्रवाई के तहत दागी छवि वाले नौ लोगों को जिला बदर करने का आदेश दिया है.
पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन की अनुशंसा पर जिले की उपायुक्त समीरा एस ने यह आदेश दिया है. शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है.
पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि निकाय चुनाव को ध्यान में रखते हुए आपराधिक छवि वाले नौ लोगों को जिला बदर किया गया है. पलामू पुलिस ने नौ लोगों को नोटिस भी भेज दिया है. और ताकीद किया है कि नोटिस मिलने के साथ वे जिला छोड़ दें.
जिला बदर किए गए लोगों में चैनपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले आसिफ अहमद उर्फ राजा खान, अशफाक खान, हसनैन अंसारी और फरहान कुरैशी उर्फ भोलू, मेदिनीनगर टाउन थाना इलाके के रहने वाले चंदन कुमार चंद्रवंशी, नितेश कुमार शर्मा उर्फ राहुल शर्मा, पांकी थाना क्षेत्र के रहने वाले दीपक कुमार भुइयां, कुश कुमार यादव, और सतबरवा थाना क्षेत्र के रहने वाले गुलशन कुमार विश्वकर्मा शामिल हैं.
