भूटान के दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली ब्लास्ट की घटना पर सख्त लहजे में कहा है कि धमाके की साज़िश रचने वालों को ‘नहीं छोड़ा जाएगा. सभी ज़िम्मेदार लोगों को कड़ी सज़ा मिलेगी.’
थिम्पू में उन्होंने कहा, “मैं यहां भारी मन से आया हूं. दिल्ली में हुई भयानक घटना ने सभी को बेहद दुखी कर दिया है. मैं पीड़ित परिवारों के दुख को समझता हूं. पूरा देश उनके साथ खड़ा है. मैं पूरी रात सभी जांच एजेंसियों के संपर्क में था. हमारी जांच एजेंसियां इस मामले की तह तक जाएंगी. इसके पीछे के षड्यंत्रकारियों को बख्शा नहीं जाएगा.”
गौरतलब है कि दिल्ली के लाल क़िला मेट्रो स्टेशन के नज़दीक सोमवार की शाम एक कार में धमाका हुआ था. इस घटना में कम से कम आठ लोगों की मौत हुई है.
ब्लास्ट की घटना पर यूएपीए के तहत केस दर्ज कर जांच जारी है. सोमवार की शाम से ही एनआईए समेत जांच एजेंसियां घटनास्थल पर पहुंचकर कार्रवाई की है. घटनास्थल से सैंपल जमा कर फ़ोरेंसिक लैब भेजे गए है.
इधर ‘दिल्ली डिफ़ेंस डायलॉग’ के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी लाल क़िला मेट्रो स्टेशन पर हुई दुःखद घटना में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना ज़ाहिर की.
उन्होंने कहा, “मैं अपने नागरिकों को भरोसा देता हूं कि देश की अग्रणी एजेंसियां गहन जांच कर रही हैं और इस त्रासदी के लिए जिम्मेदार लोगों को इंसाफ़ के कटघरे में लाया जाएगा.”
राजनाथ सिंह ने ये भी कहा कि जांच के नतीजे जल्द ही सार्वजनिक किए जाएंगे.
