रामगढ़ः प्रसिद्ध छिन्नमस्तिका रजरप्पा मंदिर परिसर में आदित्यपुर, सरायकेला के एक श्रद्धालु की बेरहमी से पिटाई करने वाले पांच पुलिसकर्मियों को एसपी अजय कुमार ने सस्पेंड कर दिया है.
मारपीट की यह घटना रविवार, आठ मार्च की है, लेकिन इसका वीडियो सोमवार की सुबह से सोशल मीडिया में वायरल है, जिसमें कई पुलिसकर्मी एक श्रद्धालु प्रेम कुमार निर्मल पर टूट पड़े दिख रहे हैं.
उस श्रद्धालु के घर की महिलाएं बचाने के क्रम में रोती-चिखती नजर आ रही हैं. पुलिस की इस छवि पर प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है.
इस मामले को रांची से बीजेपी विधायक सीपी सिंह ने भी झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सदन में उठाया और सरकार का ध्यान खींचा.
घटना की गंभीरता देखते हुए राज्य की पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा के निर्देश पर रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक अजय कुमार रजरप्पा मंदिर पहुंचे. और पूरे मामले की जांच की. इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों और आसपास के दुकानदारों से भी पूछताछ कर घटना की जानकारी ली.
उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए झारखंड सशस्त्र पुलिस (JAP) के चार जवान—श्याम लाल महतो, राधेश्याम कुजूर, बहादुर उरांव और जॉनसन सुरीन को निलंबित कर दिया. इसके साथ ही होमगार्ड के जवान सिकंदर यादव को भी निलंबित किया गया है.

पुलिस अधीक्षक (एसपी) अजय कुमार अनुसार, घटना के दौरान एक श्रद्धालु जबरन मंदिर परिसर में प्रवेश करने का प्रयास कर रहा था और कथित रूप से पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता से पेश आए. इसी दौरान विवाद बढ़ गया.
एसपी अजय कुमार ने स्पष्ट कहा कि किसी भी परिस्थिति में पुलिसकर्मियों द्वारा मारपीट किया जाना स्वीकार्य नहीं है. उन्होंने तत्काल प्रभाव से पांच पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है.
इससे पहले डीजीपी ने एसपी को निर्देश दिया कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
न्यास बोर्ड ने डीजीपी को पत्र लिखा
इधर झारखंड राज्य हिंदू धार्मिक न्यास बोर्ड के सदस्य राकेश सिन्हा ने इस घटना को गंभीर मानते हुए पुलिस महानिदेशक, झारखंड को पत्र लिखकर पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है. उन्होंने मंदिर जैसे पवित्र स्थल पर श्रद्धालुओं के साथ हुई इस घटना पर चिंता जाहिर करते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया है.
लंबी कतार लगी थी
जानकारी के मुताबिक, मंदिर के निकास द्वार से मंदिर के भीतर प्रवेश करने को लेकर विवाद हुआ. पुलिस के अनुसार, रविवार को मंदिर परिसर में अत्यधिक भीड़ की वजह से लंबी लाइन लगी थी. इस बीच जमशेदपुर से पहुंचा युवक निकासी द्वार से अपने पूरे परिवार को मंदिर में घुसाने का प्रयास करने लगा.
इस बीच पुलिस के जवानों ने उन्हें रोकने की कोशिश की. फिर विवाद बढ़ गया. वहीं मारपीट की इस घटना से मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गयी.
इस बीच पुलिस ने तीन श्रद्धालुओं को बेल बॉंड भरवाकर छोड़ा गया है.
