रांचीः राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अपने तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर रविवार, 28 दिसंबर को रांची पहुंचेंगी. राष्ट्रपति के दौरे को लेकर रांची से लेकर जमशेदपुर तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
झारखंड दौरे पर आ रहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु जमशेदपुर और गुमला में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगी.
वे रविवार की शाम छह बजे रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगी. एयरपोर्ट से वे सीधे राजभवन जाएंगी. राजभवन में उनका रात्रि विश्राम है.
सोमवार की सुबह नौ बजे वे जमशेदपुर के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना होंगी. इस दिन वे एनआईटी जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगी.
इससे पहले वे करनडीह स्थित दिशोम जाहेरथान पहुंचेंगी. जाहेरथान में ओलचिकी लिपि के 100 साल पूरे होने के मौके पर होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम में वे हिस्सा लेंगी.
राष्ट्रपति बनने के बाद यह उनका पहला जमशेदपुर दौरा है. राष्ट्रपति के कार्यक्रमों को लेकर प्रोटोकॉल के तहत सुरक्षा तथा अन्य प्रशासनिक व्यवस्था भी दुरूस्त कर ली गई है.
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी इन कार्यक्रमों में शामिल होंगे.
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एआईटी) जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह की तैयारियां भी पूरी कर ली गई है. संस्थान के निदेशक प्रोफेसर गौतम सूत्रधार ने बताया है कि इस साल कुल 1,114 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी. इनमें से 612 छात्र समारोह में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपनी सफलता का प्रमाण पत्र प्राप्त करेंगे. स्नातक के 417, स्नातकोत्तर के 149 और 46 पीएचडी शोधार्थियों को डिग्रियां दी जाएंगी.
30 को गुमला जाएंगी
30 दिसंबर को राष्ट्रपति गुमला जायेंगी. गुमला के रायडीह प्रखंड में होने वाले जनसांस्कृतिक समारोह कार्ति जतरा 2025 में वे बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी.
इस समारोह में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल उरांव तथा एससी एसटी विषयक समिति के अध्यक्ष फगन सिंह कुलस्ते भी उपस्थित रहेंगे.
30 दिसंबर को ही राष्ट्रपति दिल्ली लौट जाएंगी.
