रामगढ़: पुलिस ने राहुल दुबे गैंग के सात गुर्गों को गिरफ्तार किया है.
यह कार्रवाई एसपी अजय कुमार के निर्देश पर पतरातू अनुमंडल क्षेत्र में चलाए गए एक विशेष अभियान के दौरान की गई.
पुलिस ने इनके पास से एक देसी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, एक कार, एक लैपटॉप और आठ मोबाइल फोन भी जब्त किए.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तुषार सिंह, मिथुन कुमार और अमन अंसारीस कुणाल सिंह उर्फ शिवम सिंह, बादल सिंह उर्फ कुणाल कुमार, सुमित पाण्डेय, सन्नी बेदिया, के तौर पर हुई है. ये सभी हजारीबाग और रामगढ़ जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं.
पूछताछ में आरोपियों ने ओवरब्रिज साइट पर हुई पिछली फायरिंग की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है और बताया कि वे इस घटना को दोहराने की योजना बना रहे थे.
रामगढ़ एसपी अजय कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि 29 मार्च को MGCPL ओवरब्रिज निर्माण स्थल पर हुई फायरिंग की घटना के पीछे राहुल दुबे गैंग का हाथ था.
कंपनी ने लेवी दिए बिना काम फिर से शुरू कर दिया, जिसके बाद गैंग के सदस्य एक और फायरिंग की घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे. इनकी गतिविधियों की सूचना पर पुलिस को जगह- जगह तैनात किया गया था.
