रांचीः शहर के जाने- माने कारोबारी और बिल्डर अनुराग सरावगी ने ब्लेयर अपार्टमेंट की छठी मंजिल से कूदकर कथित तौर पर जान दे दी है.
घटना गुरुवार देर रात की है. रांची पुलिस आत्महत्या का कारण और दूसरे तथ्यों को लेकर जांच में जुटी हुई है.
45 वर्षीय अनुराग सरावगी मेन रोड स्थित जेडी हाई स्ट्रीट मॉल के मैनेजिंग डायरेक्टर भी थे. घटना के समय वह फ्लैट में अकेले थे, जबकि उनकी पत्नी और दोनों बच्चे तमिलनाडु में रिश्तेदारों से मिलने गए हुए थे.
कोतवाली के डीएसपी प्रकाश सोय ने घटना स्थल का जायजा लिया है. उनका कहना है कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला लगता है, लेकिन सभी पहलुओं की गहन जांच चल रही है. फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
घटना के समय अनुराग के बुजुर्ग मां-बाप अपार्टमेंट के फ्लैट में ही मौजूद थे. परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है. पत्नी के रांची पहुंचने के बाद उनसे भी मामले में पूछताछ की जाएगी.
अपार्टमेंट के सुरक्षा गार्ड ने पुलिस को बताया कि गुरुवार की रात सभी सोने चले गए थे तभी किसी के बहुत ऊपर से गिरने की आवाज आई, दौड़ कर जाने पर अनुराग सर का शव जमीन पर मिला, जहां उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी. सरावगी का मोबाइल फोन पूरी तरह चकनाचूर हो गया था, जिसे फॉरेंसिक टीम ने जब्त कर लिया है.
