रांचीः झारखंड की राजधानी रांची के हेहल उप डाकघर से पुलिस ने खतरनाक मादक पदार्थ एलसीडी की एक खेप बरामद की है.
पिछले दिनों गिरफ्तार दो ड्रग्स पैडलर अभिषेक और अविनाश को पुलिस रिमांड पर लेकर सख्ती से पूछताछ कर रही है. दोनों से मिली जानकारी के बाद पुलिस ने शहर के हेहल उप डाकघर में आने वाले डाक की जानकारी ली.
इन दोनों ने पुलिस को बताया था कि नीदरलैंड से एलसीडी की एक खेप उनके नाम पर हेहल डाकघर में पहुंची है. इसके बाद पुलिस ने वहां छीनबीन की और करीब 50 एलसीडी जब्त किए हैं.
लिसर्जिक एसिड डाइथिलेमाइड यानी एलसीडी एक मादक पदार्थ है, जिस पर सिंथेटिक केमिकल होता है. नशे के लिए युवाओं में इस मादक पदार्थ की लत बढ़ रही है.
कई महानगरों तथा शहरों में अवैध तरीके से इसकी खरीद-बिक्री को लेकर एक बड़ा सिंडिकेट सक्रिय रहा है और हालिया पुलिस की कार्रवाई में जो जानकारी मिल रही है, उसके संकेत हैं कि इस सिंडिकेट का तार झारखंड की राजधानी रांची से भी जुड़ा हुआ है.
रांची के कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय ने पंडरा इलाके में छापेमरी करके अभिषेक और अविनाश नाम के दो ड्रग्स पैडलर्स को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से 100 एलसडी ड्रग्स बरामद किया था.
रिमांड के दौरान ही दोनों ने बताया था कि एलएसडी की एक और खेप हेहल पोस्ट ऑफिस पहुंची है. सूचना मिलते ही कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय दोनों आरोपियों को लेकर हेहल पोस्ट आफिस पहुंची और वहां से 50 एलएसडी ड्रग्स बरामद किया.
नीदरलैंड अंतर्राष्ट्रीय का टिकट लगे लिफाफे में ग्रीटिंग्स कार्ड के जरिये ये ड्रग्स बाय पोस्ट रांची मंगवाया गया था.
