रांची: रांची जिले के बुंडू वन प्रक्षेत्र अंतर्गत सोनाहातू थाना क्षेत्र के सारयाद गांव में एक जंगली हाथी के कुएं में गिरने के बाद करीब ढाई घंटे तक चले रेस्क्यू में उसे बाहर निकाल लिया गया है.
कुएं से निकलने के बाद हाथी जंगलों की तरफ लौटता दिख रहा है.
यह घटना गुरुवार सुबह की है. एक हाथी के कुएं में गिर जाने की खबर के बाद आसपास के गांवों से सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जुट गए, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
स्थानीय लोगों के अनुसार, हाथी भोजन की तलाश में जंगल से भटककर गांव की ओर आ गया था. इसी दौरान वह अचानक एक खुले कुएं में गिर गया.
घटना की सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई, जिसके बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया. इसके बाद रेस्क्यू के इंतजाम किए गए.
फॉरेस्टर सुप्रियन टूटी ने बताया है कि हाथी को सुरक्षित निकाल लिया गया है. गांवों के लोगों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है.
उन्होंने बताया कि कुएं के आसपास की मिट्टी काटकर रास्ता बनाया गया. हाथी को बिना नुकसान पहुंचाए बाहर निकालने के लिए और भी जरूरी इंतजाम किए गए.
गौरतलब है कि झारखंड में हाथी के कुएं में गिरने की यह कोई पहली घटना भी नहीं है. भोजन- पानी की तलाश में आबादी वाले क्षेत्रों में घुसते हाथी कुएं और दलदल भरे खेतों में गिर जाते हैं. कई घटनाओं में उनकी दर्दनाक मौत होती रही है.
