रांचीः झारखंड की राजधानी रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में एक रेस्टोरेंट टीटॉस में अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें एक वेटर की मौत हो गई है.
शनिवार की रात हुई यह घटना रंगदारी से जुड़ी बताई जा रही है. सिटी एसपी पारस राणा ने घटना स्थल का जाजा लिया है. पुलिस तफ्तीश में जुटी है. रेस्टोरेंट के संचालक और कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई है.
पुलिस ने घटनास्थल से जांच के दौरान गोली के तीन खोखे बरामद किये हैं. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों के बारे में सुराग लगाने की कोशिश कर रही है.
गोली लगने से जिस वेटर की मौत हुई है उसका नाम मनीष गोप है.
घटना को बाइक सवार दो अपराधियों ने अंजाम दिया है. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. जिसके अनुसार होटल के बाहर बाइक से पहले दो अपराधी पहुंचे. इसमें एक अपराधी बाइक स्टार्ट करके होटल के बाहर सड़क किनारे रुक गया था. वहीं दूसरा अपराधी होटल के अंदर गया और फायरिंग शुरू कर दी. जिसके बाद रेस्टारेंट के अंदर अफरा-तफरी मच गयी.
सीसीटीवी में यह साफ दिखाई दे रहा है कि अपराधियों के आने से ठीक पहले वेटर मनीष गोप एक ग्राहक को कॉफी दे रहा होता है. कॉफी देकर जैसे ही मनीष आगे की तरफ जाता है, अपराधी बाहर से फायरिंग करते हुए ही रेस्टोरेंट में घुस जाता है. अपराधी के फायरिंग में मनीष को गोली लग जाती है वो गिर पड़ता है
होटल के कर्मचारी मनीष गोप को बचाने के लिए उसे पहले घायल हालत में रेस्टोरेंट के अंदर ले गये, फिर उसे इलाज के लिए राज अस्पताल में लाया गया. जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
रेस्टोरेंट संचालक राज कुमार गोप ने बताया कि उनसे प्रिंस खान के नाम पर एक करोड़ की रंगदारी पिछले वर्ष 25 दिसंबर को मांगी गयी थी. उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी थी. मनीष गोप उनका चचेरा भाई था.
रेस्टोरेंट संचालक ने बताया कि घटना के दौरान वह होटल के अंदर ही बैठे हुए थे. संभवत: अपराधी उनकी हत्या करने के इरादे से आये थे. लेकिन अपराधी मनीष गोप को गोली मार कर भाग निकले.
