रांचीः रांची जेल में शराब घोटाले के आरोपी विधु गुप्ता और जीएसटी घोटाले के आरोपी विक्की भालोटिया के डांस का वीडियो वायरल होने के मामले में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने सरकार के साथ जेल आईजी पर निशाना साधा है.
उन्होंने आरोप लगाया है कि रसूखदारों के लिए जेल में अय्याशी की पूरी व्यवस्था करायी जा रही है. जबकि यह वीडियो वायरल होने पर दो कर्मचारियों को निलंबित कर ख़ानापूर्ति कर ली गई है. लेकिन घोर आश्चर्य यह कि हजारीबाग जेल में बंद विनय सिंह को विशेष सुविधाएं देने के नाम पर जिस कारापाल दिनेश वर्मा को यही दिन पहले संस्पेड कर वहाँ से हटाया गया था, उसे ही निलंबन मुक्त कर एक तरह से पुरस्कार देते हुए अब बिरसा मुंडा जेल का प्रभारी कारापाल बना दिया गया है.
उन्होंने कहा कि जेल आईजी से ये पूछा जाना चाहिए कि जो हजारीबाग में गंभीर गड़बड़ी करने के लिये अभी-अभी निलंबित हुआ उसने “कौन सी जादू की छड़ी” चला दी कि उसे तुरंत निलंबन मुक्त कर बिरसा मुंडा जेल में तैनाती का इनाम दिया गया?
मरांडी ने आरोप लगाया है कि बिना उच्चाधिकारियों की अनुमति, सहमति एवं हिस्सेदारी के ये कैसे हो सकता है? इसके लिये सीधे जेल आईजी ज़िम्मेदार हैं. इसलिये निलंबन की कार्रवाई तो आईजी पर होनी चाहिये. आईजी को ये बताना चाहिए कि किसके आदेश पर वे जेल में ये सब धंधा करवा रहे थे?
सीटिंग जज से जांच कराई जाए
उन्होंने आरोप लगाया है कि शराब घोटाले के जिस हाईप्रोफ़ाइल क़ैदी की जेल में डांस करते और वीडियो बनाते तस्वीर वायरल हुई है, इसमें एक वही व्यक्ति है जिसे चार्जशीट समय पर दाखिल न कर ज़मानत पर निकलवाने की कथित मदद एसीबी सह सीआईडी के पूर्व डीजीपी ने प्रदान करवायी है और जेल आईजी सीआईडी के भी आईजी हैं.
उन्होंने माननीय उच्च न्यायालय झारखंड के जेलों में हो रहे गैरकानूनी कार्यों पर संज्ञान लेने का अनुरोध किया है. साथ ही
कहा कि हाईकोर्ट के सिटिंग जज के नेतृत्व में “जेल में चल रहे खेल” एवं उच्चाधिकारियों के संलिप्तता एवं उनके मनमाने कार्यों की जॉंच करायें ताकि लोगों की पता तो चले कि आख़िर ये हो क्या रहा है
विधु गुप्ता और भालोटिया
गौरतलब है कि झारखंड की राजधानी रांची स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें दो कैदी मोबाइल पर डांस करते नजर आ रहे हैं.
यह वीडियो महज 17 सेकंड का है. वीडियो पुराना है, लेकिन इसमें जो दो शख्स दिख रहे हैं, उनकी पहचान करोड़ों के शराब घोटाले के आरोपी विधु गुप्ता और जीएसटी घोटाले के आरोपी विक्की भालोटिया के रूप में हुई है. विधु गुप्ता अभी जमानत पर हैं.
दोनों एक विशेष हॉल में नजर आ रहे हैं, जहां तमाम सुविधाएं उपलब्ध हैं. यह हॉल आम कैदियों के लिए नहीं होता.
वीडियो वायरल होने के बाद जेल प्रशासन ने तत्काल जांच शुरू की. जांच में लापरवाही सामने आने सहायक जेलर देवनाथ राम और जमादार विनोद कुमार यादव को निलंबित कर दिया गया है.
