रांचीः भारतीय जनता पार्टी रांची महानगर ने नगर निकाय चुनाव की घोषणा अविलंब करने और बैलेट पेपर की बजाय ईवीएम से कराने की मांग को लेकर सात जनवरी को रांची नगर निगम के सामने धरना प्रदर्शन का निर्णय लिया है.
महानगर जिला की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक एवं रणनीतिक बैठक महानगर अध्यक्ष वरुण साहू की अध्यक्षता में हुई. बैठक में झारखंड सरकार द्वारा नगर निकाय चुनाव लंबे समय से लटकाये रखने के लिए चिंता जाहिर करते हुए नेताओं ने कहा कि सरकार सत्ता का विकेंद्रीकरण नहीं चाहती है.
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य एवं राज्य सभा के सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि झारखंड सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने के उद्देश्य से नगर निकाय चुनाव नहीं करा रही है. उन्होंने कहा कि सरकार अविलंब चुनाव की तारीख जारी करे. साथ ही पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ईवीएम से चुनाव कराए.
महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने कहा कि नगर निगम चुनावों को टालना लोकतंत्र का अपमान है. भाजपा रांची महानगर जिला यह स्पष्ट कर देना चाहता है कि जब तक नगर निकाय चुनाव की तिथि और ईवीएम से चुनाव की घोषणा नहीं की जाती, तब तक आंदोलन और तेज होगा. 7 जनवरी के धरना में पार्टी का हर कार्यकर्ता पूरी मजबूती से शामिल होगा.
बैठक में प्रमुख रूप से पूर्व उप महापौर संजीव विजयवर्गीय, पूर्व जिला अध्यक्ष मनोज मिश्रा, केके. गुप्ता, बलराम सिंह, जितेंद्र वर्मा, राकेश भास्कर, अरुण झा, कमाल खान, लक्ष्मी चंद्र दीक्षित, संजय जयसवाल,रमेश सिंह, संजय टोप्पो, रोशनी खलखो, राजू सिंह, विनय सिंह, ओम प्रकाश, अजीत भगत, बिना मिश्रा, पूनम जयसवालसहित भाजपा के सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
