रांची: राज्य में नगर निकाय चुनावों को लेकर नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया तेज हुई है. कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार रमा खलखो ने मंगलवार को रांची के मयर पद के लिए नामांकन दाखिल किया. रमा खलखो रांची की मेयर भी रह चुकी हैं. अभी झारखंड कांग्रेस महिला की अध्यक्ष हैं.
उनका नामांकन दाखिल करने के लिए ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका सिंह पांडेय समेत कांग्रेस के कई नेता जुलूस में शामिल हुए.
राज्य के 48 नगर निकायों के लिए 23 फरवरी को मतदान है. नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 4 फरवरी है. इनमें नौ नगर निगम भी शामिल हैं.
झारखंड में निकाय चुनाव भले ही गैर दलीय आधार पर हो रहा है. लेकिन से इस चुनाव में सत्तारूढ़ और विपक्षी दलों में राजनीतिक गरमाई हुई है.
रमा खलखो के नामांकन में पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बंधु तिर्की, आलोक दूबे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता समाहरणालय परिसर में मौजूद थे.
नामाकंन दाखिल करने के बाद रमा खलखो ने सुंदर रांची बनाने का दावा करते हुए कहा कि, “विगत वर्षों में निगम क्षेत्र में जो स्थितियां हुई हैं, उसे जनता जानती है. इस वजह से मुझे उम्मीद है कि इस बार हमें जीत जरूर मिलेगी.”
कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि, “यह चुनाव गैर दलीय आधार पर हो रहा है इसके बावजूद यदि पार्टी के नेता और कार्यकर्ता चुनाव मैदान में उतरते हैं तो उनको सहयोग करना आवश्यक है.” इन्होंने कहा कि रमा खलखो पहले मेयर रह चुकी हैं और लोग उनके कार्यकाल को देख चुके हैं, इसलिए उम्मीद है कि जनता का आशीर्वाद उन्हें जरूर मिलेगा.
रांची नगर निगम के मेयर पद के लिए भाजपा ने पूर्व पार्षद रोशनी खलखो को समर्थन दिया है. झारखंड मुक्ति मोर्चा भी इस पद के लिए उम्मीदवार देगा. जाहिर तौर पर पूरे राज्य की नजर रांची नगर निगम के चुनाव पर लगी है.
