रांचीः रांची के खेलगांव थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज आशिफ अंसारी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस ने बताया है कि जांच में पता चला कि मृतक आशिफ अंसारी का एक महिला के साथ पिछले 15-16 वर्षों से प्रेम संबंध था. इस संबंध को लेकर महिला का पति लंबे समय से परेशान था. इसी रंजिश में उसने अपने मित्रों को सुपारी देकर आशिफ की हत्या करा दी.
पुलिस ने महिला के पति समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है.
19 फरवरी 2026 की सुबह करीब सात बजे आनंद विहार स्थित केपी स्कूल के पास एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था.
मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे. बाद में उसकी पहचान कांटाटोली रजा कॉलोनी निवासी आशिफ अंसारी के रूप में हुई.
इस मामले में खेलगांव थाना में कांड संख्या 09/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई. नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में गठित टीम ने जब मामले की परतें खोलीं, तो हत्या के पीछे चौंकाने वाली साजिश सामने आई.
पुलिस के अनुसार महिला के पति ने प्रिंस कुमार को 1.60 लाख रुपये और प्रेम लकड़ा को 2.40 लाख रुपये हत्या के लिए दिए गए, जबकि दीपक अग्रवाल को भी करीब 4 लाख रुपये मिले.
साजिश के तहत आशिफ अंसारी की निर्मम हत्या कर दी गई. इस कांड में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है.
पुलिस ने आरोपियों के पास से देसी कट्टा, घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, स्कूटी, खून से सना जैकेट, खून लगी मिट्टी और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं.
