रांचीः झारखंड की राजधानी रांची में पुलिस ने एक कंटेनर शराब जब्त की है. शराब की अनुमानित कीमत 61 लाख रुपये बतायी गयी है.
रांची के एसएसपी को जानकारी मिली थी कि टाटा की ओर से शराब लदी एक कंटेनर रांची की ओर आ रही है. एसएसपी के निर्देश पर ग्रामीण एसपी ने नामकुम थाना पुलिस को जांच में लगाया.
पुलिस ने रांची-टाटा रोड में ग्राम सरजमडीह के पास टाटा की ओर से आ रही एक कन्टेनर (ट्रक) से 1868 कार्टून शराब जब्त किया.
इससे पहले कंटेनर ट्रक का चालक वाहन को सड़क के किनारे खड़ा कर रात का फायदा उठाकर जंगल की ओर भागने में सफल रहा.
एसएसपी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कंटेनर सीलबंद पाया गया और पिछले गेट पर ताला लगा हुआ था.
इसके बाद कंटेनर को निरीक्षण और सत्यापन के लिए नामकुम थाने लाया गया. मैजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कंटेनर का सील और ताला काटा गया और दरवाजा खोला गया, तो कंटेनर के अंदर भारी मात्रा में शराब पाई गई.
जांच करने पर कंटेनर (ट्रक) पर लगा रजिस्ट्रेशन नंबर फर्जी पाया गया. इस मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना में शामिल फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
