रांचीः बच्चों के लापता होने और चोर गिरोह को पकड़ने की मुहिम में जुटी रांची पुलिस ने 61 दिनों से लापता कन्हैया को कोडरमा के चंदवारा इलाके से सकुशल बरामद कर लिया है.
कन्हैया ओरमांझी थाना अंतर्गत शंकर घाट का रहने वाला है. 12 साल का कन्हैया कुमार 22 नवंबर की शाम ओरमांझी से लापता हो गया था.
इस बाबत पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. हालांकि कन्हैया को किसी गिरोह ने नहीं गायब किया था. घर के व्यवहार से नाराज होकर पहले वह अपनी नानी घर हाजीपुर चला गया था. वहां से लौटने के दौरान कोडरमा के चंदवारा में एक दुकान में वह काम करने लगा.
इधर लापता बच्चों की खोज में जुटी पुलिस को उसके बारे में सूचना मिली, तो उसे सकुशल बरामद कर लिया गया. सोमवार को रांची के ग्रामीण एसपी ने कन्हैया के माता- पिता को उनके बच्चे को सौंप दिया है.
बच्चा चोर गिराह पर पुलिस सख्त
इधर दो जनवरी को रांची के मौसीबाड़ी इलाके से गायब बच्चे अंश-अंशिका की बरामदगी के बाद पुलिस बच्चा चोरों के पीछे पड़ी है.
इसी सिलसिले में पुलिस ने रविवार को अंतर्राज्यीय गिरोह से जुड़े 13 बच्चा चोरों को गिरफ्तार किया है. इसके साथ ही 12 बच्चे भी बरामद किए गए हैं. इससे पहले अंश-अंशिका को गायब करने वाले नव खरवार और सोनी कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार किया गया था. फिलहाल दोनों अभियुक्त पुलिस की रिमांड पर हैं.
पुलिस की इस मुहिम को सोमवार को एक और सफलता मिली, जब कन्हैया को कोडरमा के चंदवारा से बरामद किया गया. इस मामले में आधिकारिक तौर पर पुलिस का बयान आना बाकी है.
अंतर्राज्यीय बच्चा चोरों की धरपकड़ और लापता बच्चों की बरामदगी को लेकर रांची पुलिस ने एसआईटी गठित की है. रांची के एसएसपी, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी और ट्रैफिक एसपी एसआईटी की मॉनिटरिंग करते रहे हैं.
