रांचीः झारखंड की राजधानी रांची में गुरुवार की रात निकाली जाने वाली झांकी और शुक्रवार को जुलूस के मद्देनजर पूरे शहर में सुरक्षा और शांति के लिए बड़े पैमाने पर पुलिस बलों की तैनाती की गई है. गुरुवार को कई थाना क्षेत्रों में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला.
उधर रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने पुलिस अधिकारियों की टीम के साथ कई जगहों का जायजा लिया. एसएसपी निवारणपुर स्थित तपोवन मंदिर भी पहुंचे. वहां उन्होंने मंदिर समिति के सदस्यों और पुराजरियों से व्यवस्था की जानकारी ली. इस दौरान ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह,एसडीएम और सिटी डीएसपी समेत कई अधिकारी उपस्थित थे.
बुधवार को झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से तपोवन मंदिर, निवारणपुर के महंत ओम प्रकाश शरण के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार मुलाकात की थी.
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को आगामी 27 मार्च 2026 को “रामनवमी महोत्सव” के अवसर पर सपरिवार आमंत्रित किया है.
गौरतलब है कि रांची में रामनवमी महोत्सव का भव्य आयोजन होता रहा है. साथ ही शोभा यात्रा भी आकर्षक ढंग से निकाली जाती है.
शहर के विभिन्न मार्गों से निकला जुलूस मेन रोड होते हुए शाम में तपोवन मंदिर पहुंचता है.
इधर एसएसपी और पुलिस के अन्य अधिकारी कर्बला चौक भी गए, जहां अकिलर्रहमान और हाजी मसूक ने बताया कि जुलूस के स्वागत के लिए सभी तैयारियां की गई हैं.
मोहर्रम कमेटी ने भी शांतिपूर्ण रामनवमी उत्सव के लिए सहयोग और स्वागत करने का फैसला लिया है.
गौरतलब है कि यातायात के मद्देनजर शहर में भारी वाहनों के प्रवेश और अन्य गाड़ियों को लेकर पहले ही कई रूट चार्ट जारी किए गए हैं. कंट्रोल रूम को भी चुस्त किया गया है. जिला प्रशासन ने अलग- अलग सेक्टर में मैजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति कर दी है.
डीजीपी तदाशा मिश्रा ने बुधवार को रामनवमी को लेकर आला अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए थे.
