रांचीः रांची शहर में बुधवार की देर रात चुटिया थाना क्षेत्र में एक थार से छह लोगों को कुचलने वाला आरोपी अतुल चड्डा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही थार जीप भी जब्त किया गया है. अतुल चड्डा पर पहले से अपराध के कई मामले दर्ज हैं.
रैश ड्राइविंग केस का खुलासा करते हुए सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि इस घटना में धमेंद्र नाक युवक की मौत हो गई थी. जबकि पांच लोग घायल हैं.
जांच में पता चला है कि धर्मेंद्र को इरादतन गाड़ी से कुचलकर मार डाला गया. वहीं, भगाने के क्रम में उसने अन्य पांच लोगों को भी अपनी कार से कुचल दिया था.
अतुल चड्डा के साथ धर्मेंद्र का पैसे को लेकर विवाद था. बुधवार की रात चुटिया थाना क्षेत्र के अमरावती कॉलोनी में एक गृह प्रवेश समारोह में दोनों अपने दोस्तों के साथ शामिल हुए थे.
समारोह में ही पुरानी दुश्मनी फिर भड़क उठी और दोनों के बीच गाली-गलौज और झड़प हो गई. बाहर निकलने के बाद गुस्से में अतुल चड्डा ने अपने एक साथी के साथ काले रंग की गाड़ी थार को तेज रफ्तार से चलाते हुए और जान से मारने के इरादे से धर्मेंद्र पर चढ़ा दी. धर्मेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई थी.
पुलिस अधिकारी के मुताबिक भागने के दौरान अतुल चड्डा ने अन्य पांच लोगों को धक्का मारा, जिससे वे घायल हुए हैं. घायलों में रेलवे की टीसी अन्नपूर्णा नायडू और उनके पुत्र भी शामिल हैं, जो अपनी स्कूटी से उधर से गुजर रहे थे. दोनों को गंभीर चोटें लगी हैं.
रांसिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि धर्मेंद्र कुमार बिहार के जहानाबाद जिला के महमदपुर गांव के निवासी थे, जो वर्तमान में रांची के हटिया स्थित रिवर व्यू कॉलोनी, जोजोबासा, रोड नंबर 08 में रहते थे. वहीं, आरोपी अतुल चड्डा अमरावती कॉलोनी, चुटिया का निवासी है. दोनों के बीच पुरानी दोस्ती थी लेकिन पैसों को लेकर विवाद हो गया था, जिसके कारण दोनों में दुश्मनी हो गई थी.
पुलिस अधिकारी के अनुसार गिरफ्तार अतुल चड्डा उर्फ आयुष कुमार का आपराधिक रिकॉर्ड लंबा है. उसके खिलाफ चुटिया थाना में पहले से कम से कम दस केस दर्ज हैं. इस रैश ड्राइविंग मामले में भी मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.
