रांचीः रांची के मोरहाबादी मैदान में आगामी 26 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस के राज्य स्तरीय समारोह की तैयारियों के क्रम में शनिवार को फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया गया.
रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन की देखरेख में संपन्न रिहर्सल के बाद दोनों अधिकारियों ने समारोह की तैयारियों के बारे में ब्रीफिंग की. इससे पहले उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने परेड का निरीक्षण करते हुए मार्च पास्ट की सलामी ली.
संयुक्त ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को समय पर अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर उपस्थित होकर सौंपे गए दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का निर्देश दिया. झांकियों की निर्धारित समय-सीमा में प्रदर्शन, मेडिकल व्यवस्था की सुदृढ़ता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिए गए हैं.
वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बलों को आवश्यक निर्देश देते हुए सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा.
परेड में प्लाटून
मोरहाबादी मैदान में आयोजित राज्यस्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में भारतीय सेना सीआईएसएफ. सीआरपीएफ. आईटीबीपी, झारखंड जगुआर जैप1, जैप 2, डीएपी. (पुरुष) डीएपी. (महिला) एसएसबी छत्तीसगढ़ पुलिस, जे.ए.पी.-10 (महिला बटालियन) होमगार्ड एनसीसी (गर्ल्स) एनसीसी (ब्वॉयज) की प्लाटून शामिल होंगी. जबकि सेना के अलावा जैप 1, होमगार्ड, जैप-10 की महिला बैंड प्रदर्शन करेंगी.
