रांचीः झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि क्रिसमस प्रेम, शांति, भाईचारे और मानवता का संदेश देता है.
संत जेवियर्स कॉलेज, राँची में आयोजित ‘क्रिसमस मिलन महोत्सव’ में भाग लेते हुए उन्होंने सभी सभी को क्रिसमस की शुभकामनाएँ दी और कहा कि प्रभु ईसा मसीह का संपूर्ण जीवन आपसी प्रेम, क्षमा और सेवा की भावना को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है. क्रिसमस का पर्व यह संदेश देता है कि सच्ची खुशी दूसरों की सेवा और उनके प्रति करुणा में निहित है.
राज्यपाल ने कहा कि संत जेवियर्स कॉलेज, राँची न केवल झारखंड, बल्कि आसपास के राज्यों के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में अपना विशिष्ट स्थान रखता है. उन्होंने कहा कि यह संस्थान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन, नैतिक मूल्यों तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का प्रतीक रहा है. इस संस्थान की प्रतिष्ठा को बढ़ाने में यहाँ के समर्पित शिक्षाविदों का योगदान अत्यंत सराहनीय रहा है.
