रांचीः राची- टाटा मार्ग पर बुंडू थाना क्षेत्र के गोसांईडीह के निकट गुरुवार को सवारी जीप पलट जाने से चार लोगों की मौत हो गई है.
इस हादसे में लगभग दो दर्जन लोग लोग घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए बुंडू अनुमंडल अस्पताल भेजा गया. जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को रिम्स, रांची रेफर किया गया है.
जानकारी के अनुसार अड़की प्रखंड के बिरडीह गांव से एक सवारी वाहन आदिवासी जनाक्रोश रैली में भाग लेने के लिए बुंडू के ताऊ मैदान जा रहा था. इस वाहन में तीस लोग सवार थे.
तेज रफ्तार से चलते इस सवारी वाहन ने टाटा की ओर से आ रही एक बस को ओवरटेक करने का प्रयास किया, तभी वाहन का अगला टायर फट गया. टायर फटते ही गाड़ी अनियंत्रित होकर बस से टकरा गई और सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोग बचाव और राहत में जुट गये.
इस दर्दनाक हादसे के बाद बुंडू ताऊ मैदान में आयोजित होने वाली आदिवासी जनाक्रोश रैली को प्रशासन ने स्थगित कर दिया है.
मृतकों की हुई पहचान ब्रजकिशोर मुंडा (35 वर्ष), रासबिहारी मुंडा (45 वर्ष), डोमन सिंह मुंडा (48 वर्ष) और जगरनाथ सिंह मुंडा (55 वर्ष)। सभी मृतक सिगिद (बीरडीह) गांव, ऊपर बालालोंग के निवासी बताए जा रहे हैं.
हादसे की सूचना मिलते ही बुंडू एसडीपीओ ओमप्रकाश, एसडीएम किस्टो कुमार बेसरा और थाना प्रभारी रामकुमार वर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे.
