रांचीः रांची के फुटपाथ दुकानदारों ने शुक्रवार को जुलूस निकाला और नगर निगम के रवैये के खिलाफ नारेबाजी की. जिला स्कूल से निकला जुलूस राजभवन तक गया. वहां पर सभा की गयी. फुटपाथ दुकानदारों का जोर है कि नगर निगम उन्हें जगह देने के बजाय अतिक्रमण हटाने के नाम पर उजाड़ने का काम कर रहा है. उससे रोजी- रोजगार पर संकट हो गया है.
ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस के बैनर तले निकाले इस जुलूस में भाकपा के राज्य सचिव महेंद्र पाठक भी मौजूद थे.
सभा की अध्यक्षता फुटपाथ दुकानदार संघ के नेता संदीप कुमार वर्मा, संचालन विकास वर्मा ने किया, लोगों को संबोधित करते हुए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव महेंद्र पाठक ने कहा बड़े-बड़े मॉल एवं ऑनलाइन व्यापार को बढ़ावा देने के लिए शहरों में फुटपाथ दुकानदारों को हटाया जा रहा है पूंजीपतियों के मॉल में साग-सब्जी से लेकर दूध, पनीर और हर आवश्यक वस्तु सस्ते दर पर दिया जा रहा है, ताकि देश में खुदरा कारोबार से जुड़े फुटपाथ दुकानदारों को बर्बाद किया जा सके,.
ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस के महासचिव अशोक यादव, जिला सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि रांची में 9 साल बीत जाने के बावजूद नगर निगम ने टाउन वेटिंग कमेटी की चुनाव नहीं कराया है.
उन्होंने कहा कि निगम ने दुकानदारों का सर्वे नहीं कराया और ना ही 2009, 2014 एवं 2017 में फुटपाथ दुकानदारों के लिए बनाए गए कानून को लागू किया. इसलिए दुकानदारों के मांगों को समर्थन करते हुए भारतीय कांग्रेस पार्टी एवं ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस ने बड़ी लड़ाई का निर्णय लिया है.
नेताओं ने कहा कि नगर निगम लाठी डंडा के बल पर अतिक्रमण के नाम पर फुटपाथ दुकानदारों को हटा रही है, जबकि फुटपाथ दुकानदार बड़ी आबादी के लिए बड़े पैमाने पर जरूरत के सामान मुहैया कराते हैं। बड़े कारोबारी की संरक्षण देने के लिए उनके व्यापार को बढ़ावा देने के लिए फुटपाथ दुकानदारों को समाप्त करने की साजिश चल रही है.
