रांचीः रांची पुलिस ने अनगड़ा थाना क्षेत्र अन्तर्गत गेतलसूद में अनुज्ञप्ति प्रदत्त शराब की कम्पोजिट दुकान पर फायरिंग करने वाले तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है.
गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने इनके पास से कांड में प्रयुक्त एक देशी रिवाल्वर, एक देशी कट्टा तथा 19 जिंदा कारतूस के अलावा 4 मोबाईल तथा एक पल्सर मोटरसाईकिल बरामद किया है.
जिन तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, उनमें देव सिंह मुंडा, गौतम यादव उर्फ गोल्डन यादव और भोलू सोनी उर्फ भोलू शामिल है.
देव मुंडा अनगड़ा थाना क्षेत्र जोन्हा मुसंगू पुड़ीटोला का रहने वाला है. गौतम यादव उर्फ गोल्डन यादव खलारी बाजार टांड और भोलू सोनी उर्फ भोलू वर्मा मधुकम रोड सुखदेव नगर का रहने वाला है. इन तीनों के खिलाफ रांची जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अपराध के 21 मामले दर्ज हैं.
रांची के ग्रामीण एसपी ने मीडिया से बातचीत में जानकारी दी है कि तीन मार्च को रात 8.30 बजे सूचना प्राप्त हुई कि अनगड़ा थानान्तर्गत गेतलसूद बाजार में स्थित अनुज्ञप्ति प्रदत शराब की कम्पोजिट दुकान पर तीन अपराधकर्मियों के द्वारा फायरिंग की जा रही है.
इसे लेकर अनगड़ा थाना में एक कांड दर्ज किया गया. इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक, सिल्ली राँची के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया. गठित टीम के द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए छह मार्च को ग्राम-जोन्हा मुर्गी पोल्ट्री फॉर्म के पास पहुँचकर छापेमारी की गई. छापेमारी में तीनों अपराधी को गिरफ्तार किया गया.
अभियुक्तों से पूछताछ के क्रम में ज्ञात हुआ कि तीनों व्यक्ति गेतलसूद शराब दुकान जाकर वहां के स्टाफ को धमकाते हुए शराब की बोतल की मांग करने लगे तो उनके द्वारा शराब नहीं देने पर उनसे गाली-गलौज करते हुए उनपर फायरिंग की गई. दुकान कर्मचारी किसी तरह कांउटर के पीछे छिप कर अपनी जान बचायी.
गौरतलब है कि फायरिंग का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था.
