गुजरात में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल सरकार में क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा को मंत्री बनाया गया है.
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मंत्रिमंडल में शुक्रवार को नए मंत्रियों को शपथ दिलाई गई है. इनमें रिवाबा जडेजा भी शामिल हैं. रिवाबी क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी हैं.
वे अभी सौराष्ट्र में आने वाली जामनगर उत्तर सीट से विधायक हैं. 2022 के चुनावों में उन्होंने जीत दर्ज की थी. रिवाबा जडेजा सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रही हैं.
गुरुवार को भूपेंद्र पटेल के मंत्रिमंडल के सभी 16 मंत्रियों ने इस्तीफ़ा दे दिया था. हालांकि गुजरात विधानसभा चुनाव अभी दो साल दूर हैं.
ऐसा माना जा रहा है कि गुजरात में लगभग तीन दशकों से सत्ता पर मौजूद बीजेपी के ख़िलाफ़ कुछ हलकों में व्याप्त नाराजगी को शांत करने के लिए मंत्रिमंडल में फेरबदल किया गया है.
राज्य में काफ़ी लंबे समय से मंत्रिमंडल के विस्तार की चर्चा चल रही थी. इससे पहले ही सभी मंत्रियों के एक साथ इस्तीफ़ा देने से राज्य में सियासी हलचल पैदा हो गई थी.
शुक्रवार को हुए शपथ ग्रहण समारोह में जीतू वघानी और अर्जुन मोढवाडिया ने भी मंत्री पद की शपथ ली है.
पटेल की नई कैबिनेट में हर्ष सांघवी ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली है. वो माजूरा सीट से विधायक हैं. नए मंत्रिमंडल में अर्जुन मोढवाडिया (पोरबंदर), जीतू वाघाणी (भावनगर पश्चिम), प्रफुल्ल पंसेरिया (कामरेज), दर्शन वाघेला (असरवा), कांतिलाल अमृतिया (मोरबी), डॉ. प्रद्युम्न वाजा (कोडिनार), और रमेश कटारा (फतेपुरा) के साथ ही मनीषा वकील (वडोदरा शहर), ईश्वर सिंह पटेल (अंकलेश्वर), नरेश पटेल (गणदेवी) ने भी शपथ ली है.
