रांचीः राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने रांची में कहा है कि झारखंड की राजनीति में राष्ट्रीय जनता दल को नजरअंदाज करना अब किसी के लिए भी संभव नहीं है.
उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे केवल गठबंधन की सीमाओं में न बंधें, बल्कि राज्य की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की मुस्तैदी के साथ तैयारी में जुट जाएं.
रविवार को तेजस्वी यादव रांची में पार्टी के एक कार्यक्रम में उपस्थित थे.
तेजस्वी यादव ने बीते विधानसभा चुनाव (नवंबर 2024) के परिणामों का उदाहरण देते हुए पार्टी की बढ़ती ताकत को रेखांकित किया. उन्होंने कहा कि राजद ने इंडिया गठबंधन के तहत सीमित सीटों (7 सीटों) पर चुनाव लड़ा था, जिनमें से 4 पर शानदार जीत दर्ज की.
उन्होंने कार्यकर्ताओं को विश्वास दिलाया कि यदि पार्टी और अधिक सीटों पर लड़ती, तो परिणाम और भी अधिक चौंकाने वाले होते.
परिसीमन का जिक्र करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि झारखंड में लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या में वृद्धि तय है, इसलिए राजद को अपनी दावेदारी मजबूत करने के लिए अभी से जमीनी स्तर पर कार्य करना होगा.
तेजस्वी यादव ने पार्टी को कमजोर करने या तोड़ने की कोशिशों पर भी निशाना साधा. उन्होंने बिना नाम लिए विरोधी ताकतों पर आरोप लगाया कि वे गठबंधन की एकजुटता को कमजोर करना चाहती हैं.
