रांची: सारंडा में बाबू डेरा के पास पेड गिर जाने के कोबरा बटालियन के एक जवान की मौत हो गई है.
झारखंड पुलिस के आईजी अभियान और प्रवक्ता डॉक्टर माइकल राज ने बताया कि सारंडा के बाबू डेरा कैंप के पास तेज आंधी-तूफान में एक पेड़ कैंप के पास गिर गया. इस हादसे में कोबरा के जवान राकेश कुमार की मौत हो गई.
राकेश कुमार सीआरपीएफ कोबरा बटालियन में सिपाही के पद पर कार्यरत थे. नक्सल विरोधी अभियान में सारंडा के एक कैंप में उनकी तैनाती की गई थी.
राकेश बिहार के औरंगाबाद जिले के दाउदनगर के धमनी गांव के रहने वाले थे. परिजनों को राकेश कुमार की मौत की जानकारी दे दी गई है.
रांची के सीआरपीएफ कैंप में उनके पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि दी जाएगी. इसके बाद उनके शव को अंतिम संस्कार के लिए औरंगाबाद भेजा जाएगा.
