जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र से जदयू विधायक सरयू राय ने एक साल के दौरान अपने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी. इसके साथ ही उन्होंने सरकारी तंत्र की लेटलतीफी और कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं.
जमशेदपुर में एक प्रेस कांफ्रेंस में सरयू राय ने कहा, मौजूदा सरकारी मशीनरी बेपटरी है, पुलिस के अधिकारी अब खुद वसूली करने में लगे हैं. विकास कार्यों से जुड़ी फाइलों को अलग-अलग स्तरों पर लटकाने का रिवाज सिस्टम में घर कर गया है. झारखंड में गलत काम रुक जाए तो प्रदेश आगे बढ़ जाएगा.
सरयू राय ने कहा कि पिछले एक साल में पश्चिम क्षेत्र में कई काम हुए , लेकिन प्रशासनिक स्तर पर काफी मशक्कत करनी पड़ी.
उन्होंने बताया कि कदमा में कन्वेंशन सेंटर का काम जनवरी से चल रहा है. डीएम लाइब्रेरी बिल्डिंग अभी खड़ी है. पहले बिल्डिंग जर्जर थी, लेकिन लाइब्रेरी चलती थी. अब बिल्डिंग का जीर्णोद्धार हो गया है, लेकिन लाइब्रेरी चालू नहीं है. बालीगुमा टैंक में अभी तक पानी नहीं पहुंचा है. कई ऐसे काम हैं. जो अब तक पूरे हो जाने चाहिए थे, लेकिन सरकार की लापरवाही की वजह से पूरे नहीं हुए हैं.
विधायक सरयू राय ने कहा कि कुल 40 करोड़ रुपये से ज्यादा के प्रोजेक्ट में से 1,321 प्रोजेक्ट पूरे हो चुके हैं.
उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन की कार्य प्रणाली की शिथिलता की वजह से दिक्कतें हो रही हैं. योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर गति देने के लिए वे अधिकारियों पर दबाव बनाये रखने के प्रयास तेज करेंगे. कई सामुदायिक भवन से बिजनेस किया जा रहा है, जो सरासर गलत है. उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कई विभाग में उच्च पदाधिकारी और अधिकारियों के पद खाली हैं. जबकि उच्च पदाधिकारियों की कोई कमी नहीं है. लेकिन उनकी पोस्टिंग नहीं हो रही है, जिससे विकास के काम में रुकावट आ रही है.
