कोडरमाः कोडरमा की पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष शालिनी गुप्ता पांच फरवरी को औपचारिक तौर पर सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा में शामिल हो जाएंगी.
मंगलवार को कोडरमा के सुहाना गार्डेन में आयोजित समर्थक मिलन समारोह में शालिनी गुप्ता ने अपने लोगों के साथ रायशुमारी में यह निर्णय लिया.
इस कार्यक्रम में सरकार के मंत्री और जेएमएम के वरिष्ठ नेता सुदिव्य कुमार मौजूद थे. उन्होंने कहा कि पांच फरवरी को पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन की मौजूदगी में शलिनी गुप्ता पार्टी में शामिल होंगी. उस दिन कोडरमा में ही एक बड़ा कार्यक्रम होगा. इसलिए सभी समर्थकों और कार्यकर्ताओं को जोश के साथ जुटना है.
जाहिर तौर पर शालिनी के इस फैसले पर राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं. साथ ही कोडरमा की राजनीति में हलचल बढ़ी है. शालिनी गुप्ता को कोडरमा में एक तेज- तर्रार नेता के तौर पर देखा जाता है.
2019 में बीजेपी से टिकट नहीं मिलने पर वे आजसू पार्टी में शामिल हो गई थीं. तब उन्हें लगभग 42 हजार वोट मिले थे. चुनाव के बाद उन्होंने आजसू से राह अलग कर ली. 2024 में वे निर्दलीय चुनाव लड़ीं. उन्हें लगभग 70 हजार वोट मिले.
दस सालों से शालिनी अपने बूते कोडरमा की राजनीति और चुनाव में दमखम दिखाती रही हैं.

कोडरमा विधानसभा सीट से बीजेपी की नीरा यादव 2014 से लगातार चुनाव जीतती रही हैं.
इधर 2014 में विधानसभा चुनाव हारने के बाद 2019 के लोकसभा चुनाव से ठीक पहले अन्नपूर्णा देवी राजद छोड़कर बीजेपी में शामिल हुई थीं. बीजेपी ने उन्हें चुनाव लड़ाया. वे जीत गईं. 2024 के लोकसभा चुनाव में भी अन्नपूर्णा देवी की शानदार जीत हुई. अभी वे केंद्र में महिला बाल कल्याण मंत्री हैं.
यानी कोडरमा की सियासत इन तीन प्रमुख महिला चेहरे के इर्द- गिर्द घूमती रही है. अब शालिनी के जेएमएम में शामिल होने से नये समीकरणों के बनने- बिगड़ने से इंकार नहीं किए जा सकते.
जेएमएम में शामिल होने के फैसले और रायशुमारी पर शालिनी गुप्ता ने कहा है, “आज आयोजित समर्थक मिलन समारोह अत्यंत सफल एवं उत्साहवर्धक रहा. 5 फ़रवरी को आयोजित होने वाले झारखण्ड मुक्ति मोर्चा में सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम की घोषणा की गई. यह सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न होगा—जो हम सभी के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है.”
